Rajasthan: घरेलू विवाद के बाद दंपति ने खाया जहर, बचाने के लिए 5KM दौड़ा 12 साल का बेटा, 1 की मौत

post 812 (1)

Rajasthan: हनुमानगढ़ जिले के पड़ोसी गांव चौटाला के संगरिया रोड स्थित जवाहर कॉलोनी की एक ढाणी में बुधवार शाम घरेलू विवाद ने भयावह रूप ले लिया। 35 वर्षीय सुभाष ने पत्नी सुनीता उर्फ ममता के साथ विवाद के बाद जहरीला पदार्थ निगल लिया। सुभाष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर हालत में सुनीता को पहले संगरिया अस्पताल और बाद में हनुमानगढ़ रेफर किया गया, जहां वह वेंटिलेटर पर उपचाराधीन है।

मां-बाप को बचाने 5-6 किमी दौड़ा बेटा:-

घटना के समय दंपति के पांचों बच्चे घर पर ही मौजूद थे। माता-पिता की हालत बिगड़ती देख 12 वर्षीय बड़ा बेटा घबराकर करीब 5-6 किलोमीटर दूर खेतों में बने पड़ोसी रोहताश के घर तक दौड़ा। उसने मदद की गुहार लगाई, जिसके बाद ग्रामीण तुरंत ढाणी पहुंचे और डायल 112 पर सूचना दी।

पड़ोसियों ने पहुंचाया अस्पताल:-

खेत मालिक चुन्नी राम के पुत्र भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि सुभाष की सांसें थम चुकी थीं, जबकि महिला की हालत नाजुक थी। उसे तुरंत निजी वाहन से संगरिया अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हनुमानगढ़ रेफर कर दिया गया।

बच्चों से मारपीट की भी सूचना:-

प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि कथित रूप से जहरीला पदार्थ सेवन करने से पहले सुभाष ने दो छोटे बच्चों की पिटाई की, जिससे उन्हें चोटें आईं। पुलिस ने बच्चों को संरक्षण में लेकर उनका उपचार करवाया है। दंपति के चार बेटे और एक बेटी हैं, जिनमें सबसे बड़ा बेटा 12 वर्ष का है।

पुलिस ने शुरू की जांच:-

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। सीन ऑफ क्राइम टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।