सावधान! इस नई पिचकारी से 50% दृष्टि बाधित, जल गई 9 साल के बच्चे की आंख, डॉक्टर भी हुए हैरान

post 795 (1)

सावधान! इस नई पिचकारी से 50% दृष्टि बाधित, जल गई 9 साल के बच्चे की आंख, डॉक्टर भी हुए हैरान

Rajasthan News: झालावाड़ जिले के सारोलाकलां में कोल्ड ड्रिंक से भरी पिचकारी के कारण एक मासूम की आंख गंभीर रूप से प्रभावित होने का मामला सामने आया है। 9 वर्षीय मनीष को उसके पिता इलाज के लिए MBS Hospital लेकर पहुंचे, जहां नेत्र रोग विशेषज्ञों ने जांच के बाद स्थिति को चिंताजनक बताया।

नेत्र विभाग की वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. जयश्री सिंह के अनुसार, बच्चे की आंख में कोल्ड ड्रिंक जाने से कॉर्निया को नुकसान पहुंचा है और एलकली बर्न जैसी स्थिति बन गई, जिससे अल्सर हो गया। इससे उसकी दृष्टि पर असर पड़ा है। डॉक्टरों ने इस तरह की पिचकारियों की बिक्री पर रोक लगाने की आवश्यकता जताई है।

परिजनों का कहना है कि बच्चे ने स्कूल के बाहर एक दुकान से यह पिचकारी खरीदी थी। खेलते समय गलती से पेय आंख में चला गया, जिसके बाद उसे धुंधला दिखाई देने लगा। पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराया गया, लेकिन सुधार न होने पर उसे कोटा रेफर किया गया।

डॉक्टरों के मुताबिक, आंख करीब 50 प्रतिशत तक प्रभावित हुई है। फिलहाल दवाओं से इलाज जारी है। यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो कॉर्निया ट्रांसप्लांट की जरूरत पड़ सकती है। विशेषज्ञों ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों को ऐसे जोखिम भरे खिलौनों से दूर रखें और आंख में किसी भी रसायन या तरल पदार्थ जाने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें।

You may have missed