Rajasthan: एग्जाम सेंटर से छात्र का अपहरण कर उखाड़े नाखून, लहूलुहान हालत में सड़क किनारे फेंका, वीडियो वायरल
Rajasthan: एग्जाम सेंटर से छात्र का अपहरण कर उखाड़े नाखून, लहूलुहान हालत में सड़क किनारे फेंका, वीडियो वायरल
Rajasthan: राजस्थान के बाड़मेर जिला से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बीजराड़ थाना क्षेत्र में 12वीं बोर्ड परीक्षा देने पहुंचे एक छात्र का दिनदहाड़े परीक्षा केंद्र से अपहरण कर लिया गया। बताया जा रहा है कि बोलेरो में सवार बदमाश उसे जबरन उठाकर ले गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

परीक्षा केंद्र से उठाया, सुनसान जगह ले जाकर मारपीट:-
जानकारी के अनुसार, छात्र जैसार गांव का रहने वाला है और सोमवार को पॉलिटिकल साइंस का पेपर देने परीक्षा केंद्र पहुंचा था। इसी दौरान बोलेरो में आए चार युवक उसे क्लासरूम से बाहर घसीटते हुए ले गए। आरोप है कि बदमाश उसे सुनसान स्थान पर ले गए, जहां उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और गंभीर हालत में सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए।
गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती:-
घटना की सूचना मिलते ही बीजराड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल छात्र को पहले चौहटन जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बाड़मेर मेडिकल कॉलेज जिला अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल में उसका सीटी स्कैन कराया गया है। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
चार आरोपियों की पहचान:-
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश आर्य ने बताया कि वारदात में शामिल चारों आरोपी जैसार गांव के ही निवासी हैं और उनकी पहचान कर ली गई है। वहीं बाड़मेर के पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीणा ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।