पर्यावरण संरक्षण की आड़ में NGO ऑफिस से चल रहा था नशे का कारोबार, मास्टरमाइंड सहित 6 आरोपी गिरफ्तार
पर्यावरण संरक्षण की आड़ में NGO ऑफिस से चल रहा था नशे का कारोबार, मास्टरमाइंड सहित 6 आरोपी गिरफ्तार
नागौर। जायल थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ तस्करी का बड़ा खुलासा किया है। हैरानी की बात यह है कि आरोपी पर्यावरण संरक्षण के नाम पर संचालित एक संस्था की आड़ में नशे का कारोबार चला रहे थे। ड्रग्स का यह कारोबार छाजोली रोड स्थित मानव एवं पर्यावरण वेलफेयर सोसाइटी के कार्यालय से संचालित किया जा रहा था।
पुलिस छापेमारी के दौरान 14.215 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 71 लाख रुपए बताई जा रही है।
मास्टरमाइंड सहित 6 आरोपी गिरफ्तार:-
जांच में सामने आया कि गिरोह का कथित मास्टरमाइंड समिति का प्रदेश अध्यक्ष अर्जुन राम लोमरोड है, जो रोटू गांव का निवासी है। पुलिस ने मौके से कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी संगठित तरीके से काम कर रहे थे।
युवाओं को बनाया निशाना:-
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने सामाजिक कार्यों की आड़ लेकर युवाओं के बीच अपनी पहुंच बनाई और उन्हें नशे की लत लगाने का प्रयास किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में 3 मुख्य सरगना अर्जुन राम के करीबी रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के बाद इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।