राजस्थान: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक करोड़ की अवैध शराब जब्त; दो आरोपी गिरफ्तार
राजस्थान: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक करोड़ की अवैध शराब जब्त; दो आरोपी गिरफ्तार
सरदारशहर। चूरू की डीएसटी और भानीपुरा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए शनिवार को अवैध शराब से भरा एक ट्रक पकड़ा और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। शराब की खेप पंजाब से गुजरात ले जाई जा रही थी।

जानकारी के अनुसार डीएसटी चूरू, साइबर सेल और भानीपुरा थानाधिकारी अरविंद सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मेगा हाईवे पर थाना भवन के सामने नाकाबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध ट्रक को रुकवाकर तलाशी ली गई तो उसमें भारी मात्रा में अवैध शराब भरी हुई थी।
पुलिस ने मौके पर ही ट्रक को जब्त कर लिया और शराब तस्करी के आरोप में कृष्ण कुमार पुत्र खरताराम जाट निवासी पोटलिया की ढाणी, होडू (थाना सिणधरी, जिला बालोतरा) तथा अमराराम पुत्र किशनाराम विश्नोई निवासी रावली नाडी, तहसील गुढामलानी (थाना नगर, जिला बाड़मेर) को गिरफ्तार किया।
आरोपियों के कब्जे से पंजाब निर्मित अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर के कुल 1425 कार्टन बरामद किए गए हैं। जब्त ट्रक और शराब की अनुमानित कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।
इस संबंध में पुलिस ने राजस्थान आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस तस्करी नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपियों के संबंध में भी पड़ताल कर रही है।