Road Accident: बस और ट्रक की भीषण भिड़ंत, 26 यात्री घायल, चालक के टूटे दोनों पैर
Road Accident: बस और ट्रक की भीषण भिड़ंत, 26 यात्री घायल, चालक के टूटे दोनों पैर
Road Accident: नागौर शहर से करीब 12 किलोमीटर दूर नागौर-लाडनूं मार्ग पर हरिमा टोल से पहले स्थित एक पेट्रोल पंप के पास शनिवार देर रात राजस्थान लोक परिवहन की बस और मिनी ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में ट्रक चालक समेत बस में सवार कई यात्री घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों में से 14 लोगों को नागौर के जेएलएन अस्पताल लाया गया, जबकि 12 घायलों को डेह के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जेएलएन अस्पताल में भर्ती दो घायलों की हालत नाजुक होने पर उन्हें जोधपुर रेफर किया गया।
जोधपुर से सुजानगढ़ जा रही थी बस:-
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस जोधपुर से सुजानगढ़ जा रही थी। ओवरटेक के प्रयास के दौरान सामने से आ रहे मिनी ट्रक से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। ट्रक चालक के दोनों पैर टूट गए। सूचना मिलते ही टोल एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
ये लोग हुए घायल:-
- बुरड़ी निवासी बाबूलाल (44) पुत्र पूर्णाराम मेघवाल
- नत्थूराम मेघवाल (27)
- आदूराम (40) पुत्र हेमराम मेघवाल
- मुकेश मेघवाल (27)
- महिपाल (20) पुत्र बाबूलाल मेघवाल
- कमेडिया निवासी प्रेम पत्नी पूर्णमल
- पूर्णमल पुत्र मेघाराम
- डेह निवासी सोनू पुत्र बजरंगलाल सेन
- सुजानगढ़ निवासी सुरेंद्र और रविंद्र पुत्र मोहनलाल स्वामी
- गुगरियाली निवासी कमल किशोर पुत्र रामधन ब्राह्मण
- जरडिया निवासी प्रीति (29) पत्नी ओमप्रकाश जाट
- भरतपुर के अकाता निवासी ट्रक चालक आजाद (24) पुत्र अमर खान
बताते चलें कि गंभीर रूप से घायल प्रीति और आजाद को प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया।