बारात में जा रही बोलेरो अनियंत्रित होकर नहर में गिरी, एक युवक की मौत; तीन की तलाश जारी
बारात में जा रही बोलेरो अनियंत्रित होकर नहर में गिरी, एक युवक की मौत; तीन की तलाश जारी
Accident: हनुमानगढ़ जिला के भिरानी थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात दर्दनाक हादसा हो गया। अजीतपुरा के पास बारात में जा रही बोलेरो अनियंत्रित होकर रसलाना वितरिका नहर में गिर गई। हादसे में एक युवक की डूबने से मौत हो गई, जबकि तीन युवक लापता हैं। एक युवक को ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
भिरानी थाना प्रभारी लखवीर सिंह के अनुसार, कानावासी निवासी कुलदीप सिंह की शादी 20 फरवरी को सागड़ा में थी। बारात में शामिल होने के लिए उसके दोस्त—आशीष चबरवाल, अनुराग (19) पुत्र मुकेश, मुकेश पुत्र नेतराम (बेजवा), अमित पुत्र भीमाराम और आशीष पुत्र रघुवीर—बोलेरो से रवाना हुए थे।
रात करीब 9 बजे अजीतपुरा के पास वाहन अचानक बेकाबू होकर नहर में जा गिरा। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
एक को बचाया, एक का शव मिला:-
ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए अनुराग को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद क्रेन और जेसीबी की मदद से बोलेरो को रात करीब 10 बजे नहर से बाहर निकाला गया। वाहन के अंदर आशीष का शव मिला।
तीन युवक अब भी लापता:-
मुकेश (बेजवा), अमित और आशीष पुत्र रघुवीर की तलाश जारी है। शनिवार सुबह करीब 9 बजे से गोताखोरों की टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। दोपहर तक लगभग 5 किलोमीटर क्षेत्र में तलाश की गई, लेकिन तीनों का पता नहीं चल सका। गोताखोरों का अनुमान है कि तेज बहाव के कारण शव आगे की ओर बह गए हो सकते हैं।
प्रशासन मौके पर:-
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। आपदा प्रबंधन विभाग की टीम, गोताखोर सतपाल सिंह के नेतृत्व में, शहजाद खान, किस्मत अली, जुगल किशोर, मनोज और चरण सिंह के साथ तलाश में जुटी है।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर डटे हुए हैं, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।