Crime News: विवाहिता से बलात्कार कर रुपए ऐंठे, मासूम बेटे पर भी की नीयत खराब, गर्म चिमटे से हाथ जलाया
Crime News: विवाहिता से बलात्कार कर रुपए ऐंठे, मासूम बेटे पर भी की नीयत खराब, गर्म चिमटे से हाथ जलाया
Crime News: अलवर, शहर के एनईबी थाना क्षेत्र में 28 वर्षीय विवाहिता ने 22 वर्षीय युवक के खिलाफ ब्लैकमेलिंग, कई बार दुष्कर्म करने, जान से मारने के प्रयास और अमानवीय हिंसा का गंभीर मामला दर्ज कराया है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसे अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर दुष्कर्म किया, लाखों रुपए और आभूषण ऐंठे, साथ ही उसके दो साल के बेटे के साथ भी घिनौनी हरकत की। विरोध करने पर आरोपी ने मासूम के हाथ पर गर्म चिमटे से दाग दिया।
ये है पूरा मामला:-
पीड़िता ने रिपोर्ट में बताया कि ऋषम शर्मा पुत्र संतोष कुमार, निवासी ठठेरा मोहल्ला राजगढ़ से उसकी जान-पहचान थी। दोनों के बीच व्हाट्सऐप पर बातचीत होती थी। आरोप है कि 15 अप्रैल 2025 को आरोपी ने चैटिंग पति को दिखाने की धमकी देकर उसे दोस्त के होटल में ले गया, जहां जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद लगातार ब्लैकमेल कर अलग-अलग जगहों पर दुष्कर्म करता रहा।
पीड़िता के अनुसार आरोपी ने कई बार उससे रुपए लिए। 7 सितंबर को घर पहुंचकर आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 5 लाख रुपए और आभूषण ले लिए। इसके बाद आरोपी पीड़िता और उसके दो साल के बेटे को जयपुर ले गया। 10 सितंबर को आरोपी पीड़िता को अलवर कोर्ट ले गया, जहां उसके पति से 30 लाख रुपए की मांग की और तलाक देने का दबाव बनाया। इंकार करने पर आरोपी ने झगड़ा किया और धमकियां दीं।
दो साल के मासूम बेटे पर भी बुरी नजर डाली:-
16 अक्टूबर को आरोपी अपने दोस्त के साथ पीड़िता के पीहर पहुंचा। वहां ब्लैकमेल कर 1 लाख 56 हजार रुपए, आभूषण और ब्लैंक चेक ले लिए। इसके बाद उसे जयपुर ले जाकर कमरे में बंद कर दुष्कर्म किया। अगले दिन जयपुर कोर्ट में एक वकील के पास ले जाकर कुछ कागजात और स्टांप पेपर पर जबरन हस्ताक्षर कराए। विरोध करने पर बेटे को जान से मारने और पीड़िता को आत्महत्या के लिए मजबूर करने की धमकी दी।
फ्लैट में बंद कर किया उत्पीड़न:-
1 दिसंबर को आरोपी पीड़िता को टपूकड़ा के एक फ्लैट में ले गया, जहां उसे बंद कर दुष्कर्म किया और पीड़िता व उसके बेटे के साथ मारपीट की। 22 दिसंबर को पीहर जाने की कोशिश करने पर आरोपी ने फिर फ्लैट में बंद कर लिया। आरोप है कि उसने बच्चे के साथ आपत्तिजनक हरकत की और विरोध करने पर गर्म चिमटे से हाथ जला दिया।
मौका पाकर पहुंची थाने:-
25 दिसंबर को एक बार फिर दुष्कर्म किया गया और जलाकर मारने का प्रयास किया गया। 26 दिसंबर को मौका पाकर पीड़िता ने अपने पिता को फोन कर बुलाया और थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।