बीकानेर: इस नेशनल हाइवे पर खड़े ट्रक से टकराई कार, दो युवक गंभीर घायल

post 736 (1)

बीकानेर: इस नेशनल हाइवे पर खड़े ट्रक से टकराई कार, दो युवक गंभीर घायल

बीकानेर: राजस्थान के बीकानेर जिले में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। घटना श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र के गाँव हेमासर के पास नेशनल हाईवे 11 पर हुई, जहां एक खड़े ट्रक से कार की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार हाईवे किनारे एक ट्रक खड़ा था। इसी दौरान बीकानेर की ओर जा रही हरियाणा नंबर की वेन्यू कार पीछे से ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के तुरंत बाद मौके से गुजर रहे संदीप जाखड़ ने अब्दुल कलाम सोसायटी के कार्यकर्ताओं को सूचना दी। सूचना मिलते ही सोसायटी की एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को श्रीडूंगरगढ़ उपजिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बीकानेर के उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया गया।

घायलों की पहचान हरियाणा के हिसार सेक्टर-17 निवासी 25 वर्षीय मनोज और हिसार के मुकलान गांव निवासी 21 वर्षीय सीताराम के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।