36 हजार नशीली गोलियां पकड़ीं, 7.20 लाख रुपए में बेचने की योजना थी
36 हजार नशीली गोलियां पकड़ीं, 7.20 लाख रुपए में बेचने की योजना थी
अनूपगढ। अनूपगढ़ पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 36 हजार प्रतिबंधित नशीली गोलियों के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई नशा मुक्ति चौपाल में जागरूक किए गए लोगों की सूचना पर की गई। एसएचओ ईश्वर जांगिड़ ने बताया-आरोपी रवि ओड (निवासी रावला) और मनप्रीत सिंह (निवासी रामसिंहपुर) ने दिल्ली से कोरियर के माध्यम से दो कार्टूनों में प्रीगाबालिन की 36 हजार नशीली गोलियां मंगवाई थीं। इन कार्टूनों पर ‘फेस वॉश’ लिखा हुआ था। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि इन नशीली गोलियों की कीमत 2 लाख रुपए है, जबकि इन्हें नशेड़ी युवकों को करीब 7 लाख 20 हजार रुपए में बेचा जाना था। आरोपियों ने कोरियर भेजने वाले के खाते में 2 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए थे। एसएचओ ने इसकी सूचना ड्रग विभाग को दी। सूचना मिलने पर ड्रग इंस्पेक्टर सुखदीप कौर अनूपगढ़ पुलिस थाने पहुंचीं। पुलिस और ड्रग विभाग द्वारा आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस कोरियर कंपनी से भी पूछताछ कर रही है, जिससे ये गोलियां मंगवाई गई थीं।