‘राहुल गांधी को घर में घुसकर मार दी जाएगी गोली’, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप, पुलिस पहुंची तो आरोपी ने कही ऐसी बात
‘राहुल गांधी को घर में घुसकर मार दी जाएगी गोली’, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप, पुलिस पहुंची तो आरोपी ने कही ऐसी बात
कोटा। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आने के बाद कोटा में हड़कंप मच गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही कोटा पुलिस ने उद्योग नगर थाना क्षेत्र के प्रेम नगर निवासी राजा आमेरा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई।
पुलिस के अनुसार वीडियो में युवक खुद को करणी सेना से जुड़ा बताते हुए कांग्रेस सांसदों और राहुल गांधी को गोली मारने की बात कहता दिख रहा है। साथ ही लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के चैंबर में हुई कथित घटना का जिक्र करते हुए विपक्षी सांसदों पर नाराजगी जताई गई है। वीडियो के आधार पर तत्काल कार्रवाई की गई।
हिरासत में लिए गए युवक ने कहा कि वायरल वीडियो से उसका कोई लेना-देना नहीं है और विरोधियों ने फर्जी आईडी बनाकर उसे बदनाम करने की साजिश रची है। उसने खुद को सनातन विचारधारा से जुड़ा बताते हुए बयान दिया।
वीडियो में कथित तौर पर कहा गया है कि यदि ऐसी घटनाएं दोबारा हुईं तो संबंधित सांसदों के घरों में तोड़फोड़ की जाएगी और राहुल गांधी को घर में घुसकर गोली मार दी जाएगी। बयान में यह भी कहा गया कि जेल जाने से भी उसे आपत्ति नहीं होगी।
मामले के तूल पकड़ने के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे घातक मानसिकता करार दिया और बीजेपी-आरएसएस पर निशाना साधा। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है और वीडियो की सत्यता व स्रोत की पड़ताल की जा रही है।