राजस्थान: जूते में छुपाकर जेल में मादक पदार्थ ले जा रहा होमगार्ड गिरफ्तार, मामला दर्ज

post 705 (1)

राजस्थान: जूते में छुपाकर जेल में मादक पदार्थ ले जा रहा होमगार्ड गिरफ्तार, मामला दर्ज

Rajasthan: कोटा केंद्रीय कारागार में अवैध मादक पदार्थ ले जाने की कोशिश करते हुए एक होमगार्ड जवान को रंगे हाथों पकड़ लिया गया। जेल सुरक्षा में तैनात आरएसी के जवान ने बुधवार को शिफ्ट परिवर्तन के दौरान रूटीन तलाशी में इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

जेल प्रशासन की शिकायत पर नयापुरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी होमगार्ड कीर्ति कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

जेल अधीक्षक भैरों सिंह ने बताया कि ड्यूटी पर जाने से पहले सभी जवानों की नियमित जांच की जाती है। तलाशी के दौरान कीर्ति कुमार के दाएं जूते के सोल में बनाई गई गुप्त जगह से 35 ग्राम चरस और जर्दे की पुड़िया बरामद हुई। पूछताछ में वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया।

आरएसी जवान संदीप कुमार ने बताया कि शक होने पर सघन तलाशी ली गई, जिसके बाद तुरंत उच्च अधिकारियों को सूचना दी गई। बाद में पूरे मामले की रिपोर्ट थाने में दी गई।

थाना अधिकारी विनोद नागर के अनुसार, आरोपी के पास से नशा करने में इस्तेमाल होने वाले सिगरेट रैपर जैसे 7 खाली खोखे भी मिले हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि होमगार्ड कीर्ति कुमार पिछले कुछ समय से ड्यूटी पर तैनात था। अब यह पता लगाया जा रहा है कि वह कब से इस तरह अवैध सामग्री अंदर पहुंचा रहा था।

You may have missed