Rajasthan : कचरे की आड़ में कर रहे थे तस्करी, पुलिस ने किया पर्दाफाश, 12 किलो 800 ग्राम अफीम बरामद

post 697 (1)

Rajasthan : कचरे की आड़ में कर रहे थे तस्करी, पुलिस ने किया पर्दाफाश, 12 किलो 800 ग्राम अफीम बरामद

सादुलपुर/सिधमुख। मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने स्टेट हाईवे पर नाकाबंदी के दौरान 12 किलो 800 ग्राम अवैध अफीम बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त की गई अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने अफीम से भरा कबाड़ लदा ट्रक भी सीज किया है।

पुलिस के अनुसार तस्कर अफीम को कचरे से भरे ट्रक में छिपाकर जोधपुर से पंजाब ले जा रहे थे। तस्करों ने ट्रक में कचरा भर रखा था ताकि किसी प्रकार का पुलिस को संदेह या शक नहीं हो, लेकिन पुलिस की सतर्कता से उनका प्लान नाकाम हो गया।

यह कार्रवाई आईपीएस अभिजीत पाटिल के नेतृत्व में की गई। उन्होंने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सूचना मिली थी कि एक ट्रक में कचरे की आड़ में अफीम ले जाई जा रही है। आधुनिक तकनीक से ट्रक की लोकेशन ट्रैक कर नाकाबंदी कराई गई।

संदिग्ध ट्रक को रुकवाकर पूछताछ की गई तो चालक संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। तलाशी लेने पर कचरे के बीच प्लास्टिक कट्टों में छिपाई गई अफीम बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तस्कर भादरा क्षेत्र से होते हुए पंजाब पहुंचने की फिराक में थे।

पुलिस ने बालोतरा निवासी मेहराराम और मिश्राराम को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

You may have missed