Road Accident : तेज रफ्तार कार की टक्कर से 21 वर्षीय युवक की मौत

post 693 (1)

Road Accident : तेज रफ्तार कार की टक्कर से 21 वर्षीय युवक की मौत

Road Accident : कोटा के महावीर नगर थाना क्षेत्र स्थित थर्ड सर्किल पर मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान रोहित राठौर के रूप में हुई है, जो हरिओमनगर कच्ची बस्ती का निवासी था और एक होटल में वेटर का काम करता था।

जानकारी के अनुसार, रात करीब 1 बजे ड्यूटी खत्म करने के बाद रोहित बाइक से जवाहर नगर से अपने घर लौट रहा था। रास्ते में केशवपुरा इलाके से उसने सब्जी पैक करवाई। जैसे ही वह महावीर नगर थर्ड सर्किल पर पहुंचा, मीरा मार्केट की तरफ से आई तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को साइड से जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि रोहित उछलकर सड़क के दूसरी ओर जा गिरा और उसके सिर में गंभीर चोट आई। हादसे में कार का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत एंबुलेंस की मदद से उसे न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़:-

बुधवार को परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया। रोहित परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पिता का एक वर्ष पहले निधन हो चुका है, जबकि मां सब्जी बेचकर घर का खर्च चलाती हैं। परिवार में उसकी एक छोटी बहन भी है।

पुलिस के अनुसार, मृतक के चाचा योगेश कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और फरार कार चालक की तलाश जारी है।

You may have missed