Rajasthan: कमरे में मिले युवक-युवती के शव, धारदार हथियार से हत्या के बाद फांसी लगाने की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

post 685 (1)

Rajasthan: कमरे में मिले युवक-युवती के शव, धारदार हथियार से हत्या के बाद फांसी लगाने की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

जोधपुर: शोभावतों की ढाणी इलाके में बुधवार को एक मकान से युवक और उसकी मौसेरी बहन के शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी।

पुलिस के मुताबिक यूआईटी कॉलोनी स्थित एक मकान के कमरे में युवक का शव फंदे से लटका हुआ मिला, जबकि युवती का शव खून से सना फर्श पर पड़ा था। युवती के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक ने धारदार हथियार से वार कर पहले युवती की हत्या की और बाद में खुद फांसी लगा ली। हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का अनुमान है कि घटना मंगलवार देर रात की हो सकती है, जबकि इसकी सूचना बुधवार दोपहर को मिली।

मृतक युवक की पहचान फलोदी जिले के ढेलाणा गांव निवासी के रूप में हुई है, जो लोहावट थाना क्षेत्र का रहने वाला था। फिलहाल हत्या और आत्महत्या के पीछे की वजहों की गहन जांच जारी है। पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।