खुशखबरी: छात्रों, महिलाओं और किसानों के लिए दीया कुमारी का बड़ा ऐलान, जानें आपके शहर को क्या मिला?
खुशखबरी: छात्रों, महिलाओं और किसानों के लिए दीया कुमारी का बड़ा ऐलान, जानें आपके शहर को क्या मिला?
Rajasthan News: उप मुख्यमंत्री व वित्त मंत्री दीया कुमारी ने बजट पर हुई बहस के दौरान राज्य की अर्थव्यवस्था को लेकर उठाए गए सवालों पर विपक्ष को आड़े हाथों लिया। शिक्षा और कृषि बजट में कटौती के आरोपों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में विकास दर और बजट आवंटन दोनों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की तुलना में राज्य का सकल घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) 41 प्रतिशत अधिक है। शिक्षा क्षेत्र में 35 प्रतिशत और कृषि क्षेत्र में 34 प्रतिशत अधिक बजट दिया गया है। केंद्रीय करों में हिस्सेदारी घटने के आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने बताया कि 16वें वित्त आयोग ने 15वें वित्त आयोग के मुकाबले प्रदेश को 60 प्रतिशत अधिक राशि दिलाई है।
विपक्ष पर तंज कसते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि “खजाना खाली कर गए और सीख हमें देते हैं। घाटे के बीज बोकर हिसाब हमसे लेते हैं।” उन्होंने दावा किया कि अगले वर्ष तक राज्य की जीएसडीपी 21 लाख करोड़ रुपये से अधिक होने का अनुमान है, जो पिछली सरकार के मुकाबले 41 प्रतिशत ज्यादा है। भर्ती प्रक्रिया को लेकर उठे सवालों पर उन्होंने कहा कि एक लाख नियुक्तियां पूरी हो चुकी हैं, दो लाख लोगों को निजी क्षेत्र में रोजगार मिला है और 1.43 लाख भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं।
प्रदेश की विकास दर राष्ट्रीय औसत से अधिक:-
करीब 50 मिनट तक जवाब देते हुए दीया कुमारी ने कहा कि प्रदेश की जीएसडीपी ग्रोथ रेट राष्ट्रीय औसत से बेहतर है। वर्ष 2026-27 में जीएसडीपी 21,52,100 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है। बजट भाषण के दौरान पानी पीने को लेकर नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह डोटासरा द्वारा उठाए गए सवाल पर उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें जल जीवन मिशन (जेजेएम) से जुड़े कथित भ्रष्टाचार की याद नहीं रही।
प्रमुख नई घोषणाएं:-
- 690 करोड़ रुपये से 133 नई सड़कों का निर्माण
- किसानों को खेत तक पहुंच के लिए भूमि उपलब्ध कराना
- 75 हजार विद्यार्थियों की नेत्र जांच
- एक अप्रैल के बाद सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भी बीमा पॉलिसी का लाभ
- दो वर्ष की सेवा के बाद केंद्र में चयन होने पर राशि की वसूली नहीं
- पेयजल योजनाओं के लिए 370 करोड़ रुपये
- नीमराणा क्षेत्र में 1200 करोड़ के जलाशय व फीडर कार्य
- कोटा में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के पास नया औद्योगिक क्षेत्र
- अजमेर सर्किट हाउस में कॉटेज और वीआईपी सूट विंग
- जोजरी-बाड़ी नदी के गंदे पानी को पचपदरा रिफाइनरी तक ले जाने के लिए डीपीआर
- ट्रिपल आईटी में एआई डेटा एनालिटिक्स कोर्स और आईटी हब की स्थापना
- कोटा मेडिकल कॉलेज में रोबो सर्जरी सुविधा और 25 करोड़ के विकास कार्य
- एक लाख महिलाओं को आत्मरक्षा व काउंसलिंग प्रशिक्षण
- रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व, मुकुंदरा टाइगर रिजर्व और राष्ट्रीय चंबल घड़ियाल अभयारण्य में सफारी सुविधाओं के लिए 25 करोड़ रुपये
- लालसोट में वेटरनरी कॉलेज
- विद्याधर नगर में पॉलिटेक्निक कॉलेज
- सांगानेर व बाड़मेर में आरोग्य मंदिर, 3 नए स्वास्थ्य केंद्र और 6 का उन्नयन
- अलवर और सरदारपुरा जिला अस्पतालों में सुविधाओं का विस्तार
- जयपुर में मोती डूंगरी गणेश मंदिर और खोले के हनुमानजी मंदिर के पास पार्किंग व्यवस्था
- प्रतापनगर (सांगानेर) सहित 10 स्थानों पर खेल स्टेडियम संबंधी कार्य