Crime News: दोस्त की हत्या का बदला लेने निकला हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, 7 अवैध हथियार और 27 जिंदा कारतूस बरामद

post 654 (1)

Crime News: दोस्त की हत्या का बदला लेने निकला हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, 7 अवैध हथियार और 27 जिंदा कारतूस बरामद

Crime News: कोटा के रानपुर थाना पुलिस ने 12 फरवरी को हिस्ट्रीशीटर कालू भड़क को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उसके कब्जे से 7 अवैध हथियार और 27 जिंदा कारतूस बरामद किए थे। बरामद हथियारों में दो देसी पिस्टल मैगजीन सहित, चार अतिरिक्त मैगजीन और पांच देसी कट्टे शामिल हैं।

इतनी बड़ी मात्रा में हथियार मिलने के बाद पुलिस को आशंका है कि आरोपी किसी गंभीर वारदात की तैयारी में था। उसे अदालत में पेश करने के बाद रिमांड पर लिया गया है। आरकेपुरम सीआई रामविलास मीणा के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि कालू भड़क अपने करीबी मित्र देवा गुर्जर की हत्या का बदला लेने की योजना बना रहा था। वह कथित तौर पर देवा के हत्यारों बाबू गुर्जर, कालू गुर्जर और उनके साथियों को निशाना बनाना चाहता था।

2022 की रंजिश से जुड़ा मामला:-

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बोराबास निवासी देवा गुर्जर और कालू भड़क के बीच गहरी दोस्ती थी। 5 अप्रैल 2022 को रावतभाटा में एक सैलून की दुकान में घुसकर देवा गुर्जर की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में बाबू गुर्जर और कालू गुर्जर को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था, हालांकि फिलहाल वे जमानत पर बाहर हैं। इसी पृष्ठभूमि में बदले की साजिश रची जा रही थी।

अवैध संपत्तियों की जांच शुरू:-

पुलिस ने कालू भड़क की अवैध संपत्तियों की जांच भी शुरू कर दी है। आरोप है कि उसने वन विभाग और अन्य सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण कर निर्माण करवा रखा है। प्रशासनिक कार्रवाई के तहत इन संपत्तियों को चिन्हित कर सूची बनाई जा रही है और नियमानुसार ध्वस्तीकरण की तैयारी की जा रही है।

हथियार सप्लायर भी फायरिंग के मामले में जेल में बंद:-

पूछताछ में कालू भड़क ने धर्मपाल शर्मा उर्फ धर्मा समेत चार अन्य लोगों के नाम उजागर किए हैं, जिनसे कथित तौर पर हथियार खरीदे गए थे। ये सभी आरोपी पहले से फायरिंग और चौमू में शराब की दुकान जलाने के मामले में जयपुर जेल में बंद बताए जा रहे हैं।

पुलिस उन्हें प्रोडक्शन वारंट पर कोटा लाकर पूछताछ करेगी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार फरारी के दौरान ये आरोपी कोटा आए थे और उसी समय हथियारों की सप्लाई की गई। पुलिस पूरे नेटवर्क और हथियारों के स्रोत की गहन जांच में जुटी हुई है।

You may have missed