लग्जरी कार ने मारी टक्कर, राजस्थान में 2 भाइयों की दर्दनाक मौत

9

लग्जरी कार ने मारी टक्कर, राजस्थान में 2 भाइयों की दर्दनाक मौत

सवाईमाधोपुर। रवाजना चौड़ में एक निजी कॉलेज के पास हुए सड़क हादसे में दो भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। कुस्तला और रवाजना चौड़ के बीच स्थित निजी कॉलेज के पास रात करीब सात बजे विजय नगर बंदा निवासी रमेशचंद बैरवा (42) पुत्र हरफूल बैरवा और अशोक कुमार बैरवा (41) पुत्र बजरंग लाल बैरवा मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इस दौरान हरियाणा नंबर की एक लग्जरी कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में रमेशचंद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अशोक कुमार ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। दोनों के शव अस्पताल लाए गए और रविवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सुपुर्द कर दिए गए। अंतिम संस्कार के दौरान परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। बताया गया कि दोनों ही परिवारों में यही कमाने वाले सदस्य थे, जिससे परिजनों पर गहरा संकट आ गया है। अब परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गमगीन माहौल में दोनों का अंतिम संस्कार किया गया।