शराब समझकर पीया एसिड, 3 महिला सहित 4 लोगों की दर्दनाक मौत
शराब समझकर पीया एसिड, 3 महिला सहित 4 लोगों की दर्दनाक मौत
राजस्थान के भीलवाड़ा जिले से एक दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जिले के गंगापुर क्षेत्र में शादी समारोह के बाद घर लाए गए तरल पदार्थ को शराब समझकर पीने से तीन महिलाओं सहित चार लोगों की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, गंगापुर थाना क्षेत्र के आलोली गांव में 9 और 10 जनवरी को आयोजित एक शादी समारोह में कुछ लोगों ने बर्तन साफ करने का काम ठेके पर लिया था। समारोह के बाद वे खाना गर्म करने में उपयोग होने वाला तरल फ्यूल अपने साथ घर ले आए। गुरुवार देर रात उसी पदार्थ को शराब समझकर पी लिया, जिससे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।
अस्पताल में तोड़ा दम:-
हालत बिगड़ने पर सभी को तुरंत गंगापुर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन को मृत घोषित कर दिया। एक अन्य युवक को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
मृतकों की पहचान:-
मृतकों की पहचान रतन पुत्र मसरिया कंजर निवासी माधोपुर, सुशीला देवी, जमनी देवी पत्नी शंकर कंजर और बदामी देवी कंजर के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।
मौके पर पहुंचे कलक्टर और एसपी:-
घटना की सूचना मिलते ही जिला कलक्टर और पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। इस घटना से पुलिस प्रशासन और आबकारी विभाग में हड़कंप मच गया है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
भीलवाड़ा पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि संबंधित फ्यूल कहां से लाया गया और उसका उपयोग किस उद्देश्य से किया जाता था। जिस दुकान से यह पदार्थ खरीदा गया, वहां भी पुलिस जांच कर रही है।