एम्बुलेंस-बाइक भिड़ंत में दो की मौत, गंभीर हालत में महिला रेफर

एम्बुलेंस-बाइक भिड़ंत में दो की मौत, गंभीर हालत में महिला रेफर

सुहागपुरा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर देर रात एक तेज रफ्तार एम्बुलेंस और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई, जबकि साथ में बैठी महिला को गंभीर चोटें आईं। तीनों को तत्काल जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दो युवकों ने दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, बाइक पर सवार दो युवक और एक महिला अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे पर तेज गति से आ रही एम्बुलेंस ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे, जिससे तीनों को गंभीर चोटें आईं। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, मृतकों की पहचान प्रकाश (22) पुत्र मोहनलाल मीणा निवासी बिलाड़ी और शंकर (23) पुत्र कालूराम मीणा निवासी मोटा माइंडग के रूप में हुई है। दोनों को गंभीर अवस्था में अस्पताल लाया गया था, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, घायल महिला भगवती (45) पत्नी मोहनलाल मीणा निवासी बिलाड़ी की हालत नाजुक बनी हुई है, जिसे बेहतर इलाज के लिए उदयपुर रेफर किया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही सुहागपुरा थाना अधिकारी मनीष वैष्णव जिला चिकित्सालय पहुंचे और घटना की जानकारी ली। कुछ ही देर बाद जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) जीवराम मीणा और पीएमओ आलोक यादव भी अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों से घायलों के उपचार की स्थिति पर चर्चा की।

Scroll to Top