IND vs PAK: भारत-पाक मैच पर सस्पेंस खत्‍म, नकवी ने फील्ड मार्शल का जिक्र कर बढ़ाया विवाद

post 548 (1)

IND vs PAK: भारत-पाक मैच पर सस्पेंस खत्‍म, नकवी ने फील्ड मार्शल का जिक्र कर बढ़ाया विवाद

T20 World Cup 2026, IND vs PAK: 15 फरवरी को प्रस्तावित भारत-पाकिस्तान मुकाबले पर चला आ रहा सस्पेंस आखिर खत्म हो गया। हालांकि मैच खेलने की सहमति के साथ ही पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी के बयान ने नया विवाद खड़ा कर दिया। मैच के लिए हामी भरने से कुछ घंटे पहले नकवी ने कहा कि पाकिस्तान न तो भारत और न ही ICC की किसी दबाव की राजनीति से डरने वाला है।

क्रिकेट के मैदान में आर्मी चीफ का जिक्र क्यों?

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नकवी ने पाकिस्तान के आर्मी चीफ फील्ड मार्शल सैयद असीम मुनीर का नाम लेते हुए कहा, “आप जानते हैं कि वे कभी नहीं डरते।” जानकारों का मानना है कि यह क्रिकेट विवाद को देश की ताकत से जोड़कर दिखाने की एक कोशिश थी।

मामला खेल का नहीं, देश का है…

असीम मुनीर पाकिस्तान के इतिहास के बहुत प्रभावशाली मिलिट्री अधिकारी हैं। मई 2025 में भारत द्वारा PoK में आतंकी ठिकानों पर की गई कार्रवाई के बाद जनरल मुनीर को फील्ड मार्शल बनाया गया था। वे अयूब खान के बाद इस पद तक पहुंचने वाले दूसरे सैन्य अधिकारी हैं। ऐसे में उनके नाम का जिक्र इस मुद्दे को खेल से आगे बढ़ाकर राष्ट्रीय प्रतिष्ठा से जोड़ने के रूप में देखा जा रहा है।

लंबी बातचीत के बाद फैसला:-

कई हफ्तों तक चले बयानबाजी, बहिष्कार की चेतावनियों और कूटनीतिक संपर्कों के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने यू-टर्न लिया। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की अन्य क्रिकेट बोर्डों से चर्चा के बाद टीम को 15 फरवरी को कोलंबो में भारत के खिलाफ खेलने की मंजूरी दी गई।

सरकारी बयान में कहा गया कि यह निर्णय मित्र देशों के आग्रह और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के हित को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। ICC ने भी बैठक को सकारात्मक बताया है।