Loan Scam: शेखावाटी में एक और गोल्ड लोन स्कैम उजागर, नकली सोना रख परिचितों को दे दिया 30 लाख का लोन, जानें पूरा मामला

post 538 (1)

Loan Scam: शेखावाटी में एक और गोल्ड लोन स्कैम उजागर, नकली सोना रख परिचितों को दे दिया 30 लाख का लोन, जानें पूरा मामला

झुंझुनूं। नवलगढ़ की पीएनबी शाखा में सामने आए गोल्ड लोन घोटाले के बाद अब पिलानी स्थित मणप्पुरम फाइनेंस लिमिटेड की शाखा में भी बड़ा फर्जीवाड़ा उजागर हुआ है। यहां नकली सोना गिरवी रखकर परिचितों और रिश्तेदारों के नाम पर करीब 30 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शाखा प्रबंधक संदीप सैनी और सहायक शाखा प्रबंधक नरेन्द्र सिंह राजपूत को गिरफ्तार कर लिया है।

थानाधिकारी चंद्रभान के अनुसार 9 दिसंबर 2025 को कंपनी के एरिया मैनेजर लोकेश शर्मा ने पिलानी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि पंचवटी के पास स्थित शाखा का 12 से 24 अक्टूबर के बीच ऑडिट किया गया। ऑडिटर हेमराज मीणा और मनीष कुमार की जांच में सामने आया कि शाखा प्रबंधक और सहायक प्रबंधक सहित अन्य की मिलीभगत से 30 लाख 8 हजार 281 रुपये का गबन किया गया।

आरोप है कि अधिकारियों ने अंडर-स्टोन, जीरो प्योरिटी, मिसिंग और पार्टली-मिसिंग श्रेणी के नकली या अधूरे सोने के आभूषण गिरवी दिखाकर अपने पद का दुरुपयोग किया। इसके बाद रिश्तेदारों और परिचितों के नाम पर ऋण स्वीकृत कर राशि हड़प ली गई।

जांच में सामने आए कई खाते:-

पुलिस ने शाखा से दस्तावेज जब्त कर सीसीटीवी फुटेज खंगाली। जांच में खुलासा हुआ कि करीब 10 बैंक खातों में इस तरह फर्जी तरीके से लोन राशि ट्रांसफर की गई। आरोपियों ने नकली सोने को असली मानकर उसके मूल्य के बराबर ऋण स्वीकृत किया।

प्रारंभिक जांच में आरोप प्रमाणित पाए जाने पर पुलिस ने श्रीमाधोपुर निवासी शाखा प्रबंधक संदीप सैनी और गुड़ा ढहर क्षेत्र की ढाणी देवलक्या निवासी सहायक प्रबंधक नरेन्द्र सिंह राजपूत को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

You may have missed