भीषण सड़क हादसा: ट्रेलर ने कार को मारी टक्कर, युवक की मौत, दो दिन पूर्व हुई थी सगाई
भीषण सड़क हादसा: ट्रेलर ने कार को मारी टक्कर, युवक की मौत, दो दिन पूर्व हुई थी सगाई
मांडल (भीलवाड़ा)। राष्ट्रीय राजमार्ग पर हरिपुरा चौराहे के पास देर रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रेलर चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाने से पीछे आ रही कार उसकी चपेट में आ गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
थानाप्रभारी रोहिताश्व यादव ने बताया कि नागौर जिले के मकराना क्षेत्र के रामथलिया थाना निवासी, वर्तमान में मोड़ का निम्बाहेड़ा निवासी नागेंद्र सिंह (30) जीवराज सिंह सोलर प्लांट लगाने का कार्य करता था। वह देर रात को अपने मित्र की कार लेकर भीलवाड़ा की तरफ जा रहा था।
अस्पताल में उपचार के दौरान मौत:-
बताया जा रहा है कि आगे चल रहे ट्रेलर ने अचानक ब्रेक लगाए, जिससे कार अनियंत्रित होकर ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में नागेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची हाईवे पेट्रोलिंग टीम उन्हें उप जिला चिकित्सालय लेकर गई, जहां इलाज के दौरान नागेंद्र ने दम तोड़ दिया।
दो दिन पहले ही हुई थी सगाई:-
मृतक के भाई देवेंद्र सिंह की रिपोर्ट पर पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक नागेंद्र की सगाई दो दिन पूर्व शुक्रवार को ही हुई थी।