जयपुर: ACB की बड़ी कार्रवाई, पेंशन विभाग के AAO को इतने रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों किया ट्रैप

post 532 (1)

जयपुर: ACB की बड़ी कार्रवाई, पेंशन विभाग के AAO को इतने रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों किया ट्रैप

राजधानी जयपुर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने पेंशन विभाग में कार्रवाई करते हुए लालकोठी स्थित कार्यालय से सहायक लेखाधिकारी (AAO-II) राजेश कुमार खंडेलवाल को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोप है कि अधिकारी एक मृत कर्मचारी की विधवा की पूर्ण पेंशन शुरू कराने और बकाया एरियर जारी करने के बदले नकद राशि के साथ एरियर का 10 प्रतिशत हिस्सा मांग रहा था।

पीड़ित की बेबसी का फायदा:-

एसीबी सूत्रों के अनुसार, परिवादी ने जयपुर इकाई में शिकायत दी थी कि उसके पिता के निधन के बाद उसकी माता को नियमानुसार पूरी पेंशन नहीं मिल रही थी। जब इस संबंध में विभागीय अधिकारी से संपर्क किया गया तो कथित तौर पर मदद के बदले रिश्वत की मांग रखी गई।

10 हजार नकद और कमीशन की मांग:-

शिकायत में आरोप है कि आरोपी अधिकारी ने 10,000 रुपये नकद के साथ एरियर राशि का 10 प्रतिशत देने की शर्त रखी। पीड़ित परिवार पहले ही अपने मुखिया को खो चुका था और हक की पेंशन के लिए उसे अतिरिक्त आर्थिक दबाव का सामना करना पड़ रहा था।

ट्रैप कार्रवाई में रंगे हाथ पकड़ा गया:-

डीआईजी आनंद शर्मा के सुपरवीजन में शिकायत का गोपनीय सत्यापन कराया गया, जिसमें आरोपों की पुष्टि हुई। इसके बाद 9 फरवरी 2026 को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्ञानप्रकाश नवल के नेतृत्व में एसीबी टीम ने जाल बिछाया। आरोपी को कार्यालय में परिवादी से 10,000 रुपये लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। राशि मौके से बरामद की गई।

आगे की जांच जारी:-

एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही, उसके अन्य ठिकानों की तलाशी भी ली जा रही है। ब्यूरो यह भी जांच कर रहा है कि इस मामले में किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की भूमिका तो नहीं है।

एसीबी ने दोहराया है कि प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर सख्ती से अमल किया जा रहा है और जनता से अपील की है कि रिश्वत मांगने की सूचना तुरंत हेल्पलाइन पर दें।