Rajasthan: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1456 किलो डोडा चूरा और स्कॉर्पियो वाहन ज़ब्त 

post 521 (1)

Rajasthan: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1456 किलो डोडा चूरा और स्कॉर्पियो वाहन ज़ब्त 

Rajasthan: उदयपुर, प्रतापनगर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए 1456 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक स्कॉर्पियो गाड़ी को भी जब्त किया गया।

यह कार्रवाई नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) उमेश ओझा और वृत्ताधिकारी नगर पूर्व सूर्यवीर सिंह राठौड़ के निर्देशन में, थानाधिकारी पूरण सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि एक स्कॉर्पियो में डोडा चूरा भरकर डबोक से अम्बेरी की ओर ले जाया जा रहा है।

नाकाबंदी तोड़कर भागे आरोपी:-

सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी की। इसी दौरान एक सफेद स्कॉर्पियो तेज रफ्तार से आती दिखी। पुलिस के रुकने के संकेत देने पर चालक वाहन भगाने लगा। पीछा कर गाड़ी रुकवाई गई, लेकिन उसमें सवार दो व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

25 कट्टों में भरा मिला मादक पदार्थ:-

वाहन की तलाशी में 25 कट्टों में भरा डोडा चूरा मिला, जिसका कुल वजन 1456 किलोग्राम निकला। जांच में गाड़ी से दो अलग-अलग नंबर प्लेट भी बरामद हुईं, जिससे तस्करी के नेटवर्क पर शक गहराया है।

पुलिस ने मादक पदार्थ और वाहन को जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

You may have missed