Crime News: पत्नी को स्कूल छोड़ने आए पति को गेट से उठा ले गए बदमाश, अगवा करने के बाद की मारपीट
Crime News: पत्नी को स्कूल छोड़ने आए पति को गेट से उठा ले गए बदमाश, अगवा करने के बाद की मारपीट
Baran kidnapping case: बारां जिले के अंता क्षेत्र के पलसावा गांव में दिनदहाड़े एक युवक का बंदूक की नोंक पर अपहरण किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवक अपनी पत्नी को स्कूल छोड़ने आया था, जो 12वीं कक्षा की छात्रा है। इसी दौरान स्कूल के बाहर पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उसे निशाना बना लिया।
जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने युवक की बाइक को कार से टक्कर मारकर गिरा दिया। जान बचाने के लिए युवक भागा, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा किया। घबराया युवक स्कूल के क्लासरूम में जा घुसा, जहां बदमाश भी पहुंच गए और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद उसे बंदूक दिखाकर जबरन अगवा कर लिया गया।
घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश युवक को दूसरे गांव के बटावदा चौराहे पर छोड़कर फरार हो गए। मारपीट में घायल युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है।
डीएसपी पुष्पेंद्र आडा ने बताया कि पीड़ित युवक डाबरी काकाजी गांव निवासी अंकित मीणा है। वह पत्नी को स्कूल छोड़कर लौट रहा था, तभी गोलू शूटर और उसके साथियों ने वारदात को अंजाम दिया। अंता थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। कुछ अहम फुटेज पुलिस के हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।