Rajasthan: शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने डोटासरा को बताया अपना दोस्त, फिर कह डाली ऐसी बात

post 508 (1)

Rajasthan: शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने डोटासरा को बताया अपना दोस्त, फिर कह डाली ऐसी बात

टोंक। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर निशाना साधते हुए तीखी राजनीतिक टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि डोटासरा उनके मित्र हैं, लेकिन उनकी कार्यशैली पर सवाल उठाए। मंत्री शुक्रवार रात निवाई पहुंचे थे।

मीडिया से बातचीत में दिलावर ने कहा कि विपक्ष का काम विरोध करना है, लेकिन कांग्रेस ने कई मुद्दों पर अनावश्यक राजनीति की। उन्होंने राम मंदिर के मुद्दे का उल्लेख करते हुए कहा कि जनता की आस्था से जुड़े विषयों पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। उनके अनुसार कांग्रेस लगातार जनसमर्थन खो रही है।

शिक्षा क्षेत्र की उपलब्धियों पर बोलते हुए मंत्री ने कहा कि राज्य में शिक्षा सुधारों और नवाचारों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने दावा किया कि पहले राजस्थान शिक्षा के मामले में देश में 11वें स्थान पर था, जो पिछले दो वर्षों में सुधार के बाद तीसरे स्थान तक पहुंच गया है।

करोड़ों के विकास कार्यों का लोकार्पण:-

निवाई पहुंचने पर विधायक रामसहाय वर्मा और नगरपालिका अध्यक्ष दिलीप ईसरानी ने मंत्री का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने नगरपालिका मंडल की ओर से करोड़ों रुपये की लागत से बने शहीद स्मारक, दांडी यात्रा स्मारक, कामधेनु स्मारक, चौपाटी, सेंट्रल पार्क, अंबेडकर सामुदायिक भवन एवं डोम सहित कई विकास कार्यों का लोकार्पण किया। साथ ही छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का अनावरण भी किया।

बग्गी में सवार होकर पहुंचे मंदिर:-

कार्यक्रम के बाद मंत्री शिवाजी पार्क से बग्गी में सवार होकर गाजे-बाजे के साथ टीलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। रास्ते में नागरिकों ने उनका अभिनंदन किया। मंदिर परिसर में लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों से माहौल उत्सवमय हो गया।

इस अवसर पर माली समाज, खटीक समाज सहित विभिन्न समाजों के लोगों ने मंत्री का स्वागत किया। भाजपा जिलाध्यक्ष चन्द्रवीर सिंह, भाजपा नेता नरेश बंसल, पार्षद परसराम कुमावत, ईओ मनोहर लाल जाट सहित कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।