Rajasthan: पेड़ को लेकर विवाद बना खूनी संघर्ष, बुजुर्ग के सिर में फंसी कुल्हाड़ी, 7 बच्चों के पिता की दर्दनाक मौत

post 486 (1)

Rajasthan: पेड़ को लेकर विवाद बना खूनी संघर्ष, बुजुर्ग के सिर में फंसी कुल्हाड़ी, 7 बच्चों के पिता की दर्दनाक मौत

अलवर। बगड़ तिराहा थाना इलाके में पेड़ काटने को लेकर एक ही परिवार के दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि खूनी संघर्ष में 70 वर्षीय बली खान की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं और एक युवक घायल हो गए।

अकरम निवासी बैरे ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे उसके पिता बली खान के चचेरे भाई फकरूद्दीन और उसके बेटे—यादिल, तारीफ, साहिल व मुनफेद उर्फ मुक्का—उनकी हिस्सेदारी की जमीन पर लगे नीम के पेड़ को काट रहे थे। बली खान ने इसका विरोध किया तो दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।

आरोप है कि करीब आधे घंटे बाद पांचों आरोपी टांचिया और फर्सी जैसे धारदार हथियारों से लैस होकर लौटे और बली खान पर हमला कर दिया। बीच-बचाव के लिए पहुंचे अकरम, उसकी पत्नी और भाभी पर भी वार किए गए।

घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने बली खान को मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी विनोद सांवरिया ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी घटना के बाद से फरार बताए जा रहे हैं।

सिर में धंसी कुल्हाड़ी:-

मृतक के भाई इमामुद्दीन के अनुसार, जमीन के हिस्से को लेकर पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था। शुक्रवार को झगड़ा बढ़ने पर फकरूद्दीन ने कथित रूप से कुल्हाड़ी से वार किया, जो बली खान के सिर में धंस गई। पहले उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से सामान्य अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

हमले में अकरम के सिर पर 10 टांके लगे हैं। उसकी पत्नी मनीषा की आंख के पास फर्सी से चोट आई है, जबकि गर्भवती भाभी शबनम के सिर पर 5 टांके आए हैं।

बली खान खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके सात बच्चे हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।