टोल पर कार सवार बदमाशों का उत्पात, कैबिन तोड़ा, लाठी-सरियों से स्टाफ से की मारपीट

7

टोल पर कार सवार बदमाशों का उत्पात, कैबिन तोड़ा, लाठी-सरियों से स्टाफ से की मारपीट
पाली। पाली में 6 गाड़ियों में आए बदमाशों ने टोल कर्मियों से मारपीट की। टोल बूथ पर तोड़फोड़ की और कलेक्शन राशि उठा ले गए। बदमाशों ने टोल बूथ पर लगा बैरियर तोड़ दिया, केबिन में जमकर तोड़फोड़ की। मामला स्टेट हाईवे-62 पर स्थित आमलिया टोल नाके पर गुरुवार शाम करीब 6ः27 बजे का है। घटना को लेकर टोल मैनेजर राहुल सामोता ने नाना पुलिस थाने में रिपोर्ट दी है। टोल मैनेजर राहुल सामोता ने बताया- गुरुवार शाम को आमलिया गांव की ओर से सफेद रंग की कैंपर गाड़ी आई। उसने सबसे पहले बैरियर तोड़ा। टोल स्टाफ ने उसका विरोध किया तो ड्राइवर नीचे उतरा और कर्मचारी पिंटूसिंह के सिर पर प्लास्टिक की कुर्सी से वार किया। इसी दौरान पीछे से दो थार, एक स्विफ्ट कार, एक फोर्ड फिगो और अन्य गाड़ी आई। सभी में बदमाश सवार थे। इन गाड़ियों में सवार युवक लाठियां, हॉकी स्टिक और सरिए लेकर उतरे। हथियारों से लैस युवकों को देखकर टोल स्टाफ में दहशत फैल गई और कुछ कर्मचारी जान बचाकर भाग गए।