Khatushyamji: फाल्गुनी लक्खी मेला 21 फरवरी से शुरू, कड़ी सुरक्षा के बीच होंगे बाबा श्याम के दर्शन, प्रशासन अलर्ट
Khatushyamji: फाल्गुनी लक्खी मेला 21 फरवरी से शुरू, कड़ी सुरक्षा के बीच होंगे बाबा श्याम के दर्शन, प्रशासन अलर्ट
Khatushyamji: सीकर जिले के खाटूश्यामजी कस्बे की विश्व प्रसिद्ध धार्मिक नगरी में 21 से 28 फरवरी तक बाबा श्याम का आठ दिवसीय वार्षिक फाल्गुनी लक्खी मेला आयोजित किया जाएगा। मेले को लेकर जिला प्रशासन और श्री श्याम मंदिर समिति ने युद्धस्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं।

चरण मेला ग्राउंड में तेज़ी से चल रही तैयारियां:-
श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए चरण मेला ग्राउंड में व्यापक स्तर पर बैरिकेडिंग और साफ-सफाई का कार्य किया जा रहा है। बांस के डंडों की सहायता से ग्राउंड में कुल 6 ब्लॉक तैयार किए जा रहे हैं, जहां व्यवस्थाओं को संभालने के लिए 113 कर्मचारी तैनात किए गए हैं।
70 महिला सफाई कर्मचारी संभाल रहे सफाई व्यवस्था:-
मेले की सफाई व्यवस्था चौथमल रेगर के नेतृत्व में 70 महिला सफाई कर्मचारियों के जरिए लगातार की जा रही है। ग्राउंड से मिट्टी, कंकड़ और पत्थर हटाकर उसे समतल व स्वच्छ बनाया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को मेले के दौरान सुरक्षित और साफ वातावरण मिल सके।
बैरिकेडिंग का कार्य दिन-रात जारी:-
श्री श्याम मंदिर समिति के अध्यक्ष शक्ति सिंह चौहान ने बताया कि सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को लेकर बैरिकेडिंग का कार्य तेजी से चल रहा है। बैरिकेडिंग कॉन्ट्रैक्टर रामलाल कुमावत के नेतृत्व में 31 जनवरी से काम शुरू किया गया है, जिसमें दिन में 75 और रात में 38 मजदूर लगातार जुटे हुए हैं।
समय पर पूरी होंगी सभी व्यवस्थाएं:-
मंदिर समिति के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देशानुसार मेले की सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जा रही हैं। देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
भारी भीड़ को लेकर विशेष इंतज़ाम:-
समिति के कोषाध्यक्ष रवि सिंह चौहान ने कहा कि संभावित भारी भीड़ को देखते हुए पूरे मेले की व्यवस्थाएं मंदिर समिति द्वारा की जा रही हैं। इसके तहत प्रशासनिक टुकड़ी के डोम, स्काउट-गाइड, नाइट शेल्टर सहित अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।