ऑनलाइन ट्रेडिंग का झांसा देकर युवक से 7.20 लाख रुपए की ठगी, निवेश के नाम पर हड़पी गई रकम
ऑनलाइन ट्रेडिंग का झांसा देकर युवक से 7.20 लाख रुपए की ठगी, निवेश के नाम पर हड़पी गई रकम
अलवर। शिवाजी पार्क थाना क्षेत्र में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 7.20 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित नरेश गुप्ता पुत्र मंगतूराम गुप्ता, निवासी शिवाजी पार्क ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने ऑनलाइन शेयर मार्केट से जुड़ी क्लासेज जॉइन की थीं।
इसी दौरान महाराष्ट्र निवासी शीतल अविनाश जगदाले और उसके सहयोगी हिमांशु व दीपक सहित अन्य लोगों ने उसे आकर्षक निवेश योजनाओं का लालच दिया। आरोपियों ने 50 हजार रुपए के निवेश पर हर महीने 2500 रुपए मुनाफे का भरोसा दिलाया। बाद में नई स्कीम बताकर 25 हजार रुपए के निवेश पर प्रतिमाह 7 हजार रुपए रिटर्न देने का दावा किया गया।
इन प्रस्तावों से प्रभावित होकर नरेश गुप्ता ने 16 फरवरी से 2 मार्च 2025 के बीच अलग-अलग किश्तों में कुल 7 लाख 20 हजार रुपए आरोपियों को ट्रांसफर कर दिए। आरोपियों ने 35 दिनों के भीतर निवेश राशि लाभ सहित लौटाने का आश्वासन भी दिया था।
समय सीमा पूरी होने के बाद न तो मुनाफा मिला और न ही मूलधन वापस किया गया। संपर्क करने पर भी आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी, जिससे पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ।
शिवाजी पार्क थाना पुलिस ने मामले में जीरो एफआईआर दर्ज कर ली है और प्रकरण को जांच एवं आगे की कार्रवाई के लिए महाराष्ट्र भेज दिया गया है।