बीकानेर: व्यक्ति का अपहरण कर बेरहमी से मारपीट, मरा समझ सड़क पर फेंककर आरोपी फरार; मामला दर्ज
बीकानेर। जसरासर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति के अपहरण और बेरहमी से मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस संबंध में जसरासर निवासी रमेश पुत्र रामकिशन बिश्नोई की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिवादी के अनुसार घटना 2 फरवरी की शाम करीब 6 बजे की है। उस समय वह अपने पिता रामकिशन, माता बिरमा और पत्नी रवीना के साथ ढाणी स्थित मकान की चौकी पर बैठा था। तभी सफेद रंग की बोलेरो कैंपर ढाणी में आकर रुकी, जिसमें मोतिराम, रामनिवास और राधाकिशन (तीनों पुत्र गोरधनराम, निवासी बनियां), मांगीलाल पुत्र रामचन्द्र (हाल निवासी बीकानेर), विष्णु उर्फ शिभू पुत्र बिरजलाल (निवासी काकड़वाला) सहित दो-तीन अन्य व्यक्ति सवार थे।
रमेश ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने ढाणी में घुसते ही धारदार बडछी, कुल्हाड़ी और लोहे की रॉड से उसके पिता रामकिशन पर जानलेवा हमला कर दिया। इसके बाद हथियारों से डराकर रामकिशन का अपहरण कर उन्हें गाड़ी में डालकर जसरासर की ओर ले गए।
घटना के तुरंत बाद परिवादी ने 100 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। कुछ दूरी पर—करीब 2 से 3 किलोमीटर आगे—आरोपी रामकिशन को मरा समझकर सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए।
रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी पहले से ही परिवार पर हमला करने की साजिश रच रहे थे और परिवादी व उसकी पत्नी को जान का खतरा बना हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हेड कांस्टेबल भंवरलाल को सौंपी है।


