रेल यात्रा हुई महंगी: पहले से बुक टिकट पर नहीं लगेगा कोई चार्ज

post 847

रेल यात्रा हुई महंगी: पहले से बुक टिकट पर नहीं लगेगा कोई चार्ज

Railway News: आज यानी 26 दिसंबर से रेल यात्रा महंगी हो गई है। रेलवे ने यात्रियों के किराए में प्रति किलोमीटर 2 पैसे की बढ़ोतरी लागू कर दी है। नए नियमों के तहत 215 किलोमीटर से अधिक दूरी की यात्रा करने पर बढ़ा हुआ किराया देना होगा।

उदाहरण के तौर पर भोपाल से दिल्ली की रेल यात्रा अब लगभग ₹16 महंगी पड़ेगी, जबकि 1000 किलोमीटर के सफर पर यात्रियों को करीब ₹20 अतिरिक्त चुकाने होंगे। हालांकि रेलवे ने राहत देते हुए साफ किया है कि 26 दिसंबर से पहले बुक किए गए टिकटों पर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लगेगा। पुराने टिकटों पर न तो संशोधित किराया लागू होगा और न ही टिकट में कोई बदलाव किया जाएगा। वहीं 26 दिसंबर या इसके बाद ट्रेन या स्टेशन पर टीटीई से टिकट बनवाने पर बढ़ा हुआ किराया देना होगा।

215 किलोमीटर से कम दूरी पर राहत:-

रेलवे ने 215 किलोमीटर से कम दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत दी है। ऐसे रूट्स पर किराए में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। इसके अलावा मंथली सीजन टिकट (MST) और डेली पास धारकों के किराए भी पहले की तरह ही रहेंगे। उपनगरीय यानी सब-अर्बन ट्रेनों के किराए में भी कोई बदलाव नहीं किया गया है। इससे मुंबई, दिल्ली, कोलकाता और चेन्नई जैसे बड़े शहरों में लोकल ट्रेनों से रोजाना सफर करने वाले लाखों यात्रियों पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा।

रेलवे का अनुमान है कि इस किराया वृद्धि से उसे सालाना करीब 600 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय होगी। रेलवे ने इस बढ़ोतरी की घोषणा 21 दिसंबर को की थी। रेल मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, परिचालन लागत में वृद्धि और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास परियोजनाओं को फंड करने के लिए यह फैसला लिया गया है। रेलवे नई ट्रेनों के संचालन, सेवाओं के सुधार और स्टेशनों के आधुनिकीकरण पर लगातार निवेश कर रहा है।

गौरतलब है कि इस साल यह दूसरी बार रेल किराया बढ़ाया गया है। इससे पहले 1 जुलाई को नॉन-एसी मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों के किराए में 1 पैसा प्रति किलोमीटर और एसी श्रेणियों में 2 पैसे प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी की गई थी। इससे पहले वर्ष 2020 में यात्री किराए में संशोधन किया गया था।