Road Accident: रोडवेज बस और ट्रक की भीषण टक्कर, चालक की मौत, 6 से ज्यादा यात्री घायल

Road Accident: रोडवेज बस और ट्रक की भीषण टक्कर, चालक की मौत, 6 से ज्यादा यात्री घायल

श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर–बीकानेर नेशनल हाईवे-62 पर सोमवार सुबह घना कोहरा जानलेवा साबित हुआ। पालीवाला बस स्टैंड के पास करीब 8:30 बजे राजस्थान रोडवेज की बस और एक ट्रक के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रोडवेज बस के चालक-परिचालक समेत करीब 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, सुबह के समय हाईवे पर दृश्यता बेहद कम थी और कुछ मीटर की दूरी तक भी साफ दिखाई नहीं दे रहा था। इसी दौरान श्रीगंगानगर की ओर जा रही रोडवेज बस जैसे ही पालीवाला बस स्टैंड के नजदीक पहुंची, सामने से आ रहे ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

पुलिस और राहगीरों ने किया रेस्क्यू

हादसे की सूचना मिलते ही सदर थानाधिकारी रामकुमार लेघा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के जरिए उन्हें सूरतगढ़ के ट्रॉमा सेंटर व एपेक्स अस्पताल पहुंचाया गया।

ट्रक चालक की मौत, कई घायल

ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों ने ट्रक चालक कैलाश (30) पुत्र मनफूल, निवासी जेगला रासीसर, जिला बीकानेर को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया है। वहीं, बस चालक गुरमीत सिंह, परिचालक मनोज सहित कई यात्रियों का इलाज जारी है। सदर पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रक को हाईवे से हटवाकर यातायात बहाल करवाया।

घायल यात्रियों की सूची:-

  • गुरमीत सिंह (38) – बस चालक, करणपुर
  • मनोज (45) – परिचालक, 26 पीबीएन
  • लक्ष्मी (30), प्रेरणा (21), रामकुमार (25) – यात्री
  • ओमप्रकाश (72), हरीश (29) – श्रीगंगानगर
  • वंदना (35), पूनम सोलंकी (27), श्रीराम (45) – निजी अस्पताल में भर्ती
Scroll to Top