राजस्थान में बारिश के साथ हुई ओलावृष्टि, 2-3 फरवरी के लिए इन जिलों में येलो अलर्ट जारी
राजस्थान में बारिश के साथ हुई ओलावृष्टि, 2-3 फरवरी के लिए इन जिलों में येलो अलर्ट जारी
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से हाड़ौती अंचल में रविवार को मौसम का मिजाज बदला रहा। कोटा शहर में बादल छाए रहे। जिले के सुल्तानपुर क्षेत्र में बारिश हुई, जबकि मंडाना और केबलनगर में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। इन क्षेत्रों में दोपहर बाद तेज हवा के साथ बारिश का दौर शुरू हुआ, जो रुक-रुक कर शाम तक जारी रहा। तेज हवाओं के कारण कई खेतों में फसलें आड़ी पड़ गईं। पटवार मंडल डोल्या के ग्राम डोल्या, उदपुरिया, भगवानपुरा, सबलपुरा और मोतीपुरा में ओलावृष्टि हुई। गोपालपुरा सहित आसपास के गांवों में करीब 20 मिनट तक झमाझम बारिश हुई। गोपालपुरा, फाटाखेड़ा, नीमखेड़ी, सिंहपुर, उम्मेदपुरा, रावठा, मोहनपुरा, सोहनपुर, मंदिरगढ़ सहित अनेक क्षेत्रों में ओले गिरे। मौसम विभाग के अनुसार, 2 फरवरी को कोटा, बूंदी और झालावाड़ जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात और झोंकेदार तेज हवाओं की संभावना है, जिसके लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 3 फरवरी को कोटा, बारां, बूंदी और झालावाड़ जिलों में घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया गया है।