Union Budget 2026: बजट 2026 में राजस्थान को बड़ी सौगात, इन 41 जिलों में बनेंगे गर्ल्स हॉस्टल

post 389 (1)

Union Budget 2026: बजट 2026 में राजस्थान को बड़ी सौगात, इन 41 जिलों में बनेंगे गर्ल्स हॉस्टल

जयपुर। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपने 9वें केंद्रीय बजट में राजस्थान को लेकर अहम घोषणा की है। लोकसभा में बजट भाषण के दौरान उन्होंने महिलाओं और छात्राओं के हित में बड़ा फैसला लेते हुए देश के हर जिले में गर्ल्स हॉस्टल निर्माण की घोषणा की। इस योजना के तहत देशभर के करीब 800 जिलों में एक-एक गर्ल्स हॉस्टल बनाया जाएगा, जिससे राजस्थान भी सीधे तौर पर लाभान्वित होगा।

शिक्षा क्षेत्र को मजबूती देने के उद्देश्य से वित्त मंत्री ने बताया कि देशभर में 15 हजार नए सेकेंडरी स्कूल और 500 कॉलेज खोले जाएंगे। साथ ही प्रत्येक जिले में गर्ल्स हॉस्टल की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस फैसले के बाद राजस्थान के सभी जिलों में छात्राओं के लिए आवास की व्यवस्था सुनिश्चित होगी।

इन जिलों में बनेंगे गर्ल्स हॉस्टल:-

राजस्थान में वर्तमान में कुल 41 जिले हैं। इनमें जयपुर, अजमेर, अलवर, बांसवाड़ा, बारां, बाड़मेर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बीकानेर, बूंदी, चित्तौड़गढ़, चूरू, दौसा, डूंगरपुर, धौलपुर, हनुमानगढ़, जैसलमेर, जालोर, झालावाड़, झुंझुनूं, जोधपुर, करौली, कोटा, नागौर, पाली, प्रतापगढ़, राजसमंद, सवाई माधोपुर, सीकर, सिरोही, श्रीगंगानगर, टोंक और उदयपुर शामिल हैं। वहीं बालोतरा, ब्यावर, डीग, डीडवाना-कुचामन, दूदू, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़ और फलौदी नए जिले हैं। बजट घोषणा के अनुसार इन सभी जिलों में एक-एक गर्ल्स हॉस्टल का निर्माण किया जाएगा।

केंद्र सरकार ने क्यों लिया यह फैसला?

केंद्र सरकार का मानना है कि छात्राओं की शिक्षा के साथ-साथ उनकी सुरक्षा भी बेहद जरूरी है। ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों की लड़कियों को सुरक्षित आवास मिलने से उच्च शिक्षा में उनकी भागीदारी बढ़ेगी। महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने यह महत्वपूर्ण कदम उठाया है।