Rajasthan: ISI का जासूसी खेल बेनकाब, पाक हैंडलर्स चला रहे थे ई-मित्र संचालक का वॉट्सऐप, हनीट्रैप के जाल में फंसाया

post 321 (1)

Rajasthan: ISI का जासूसी खेल बेनकाब, पाक हैंडलर्स चला रहे थे ई-मित्र संचालक का वॉट्सऐप, हनीट्रैप के जाल में फंसाया

Rajasthan: जैसलमेर जिले में जासूसी के संदेह में पकड़े गए एक ई-मित्र संचालक को लेकर जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, आरोपी का वॉट्सऐप अकाउंट पाकिस्तानी हैंडलर्स द्वारा संचालित किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपी ने अपनी सिम पर आए ओटीपी को पाकिस्तान स्थित संपर्कों के साथ साझा किया, जिसके बाद उसके मोबाइल का वॉट्सऐप अकाउंट वहां से ऑपरेट किया जाने लगा।

एजेंसियों का कहना है कि इसी अकाउंट के माध्यम से आरोपी ने कई संवेदनशील जानकारियां पाकिस्तानी हैंडलर्स तक पहुंचाई। प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया है कि वह काफी समय से संदिग्ध विदेशी संपर्कों में था।

जानकारी के मुताबिक, नेवार गांव निवासी अमराराम को खुफिया एजेंसियों ने 25 जनवरी को हिरासत में लेकर जयपुर लाया, जहां उससे छह दिनों तक गहन पूछताछ की गई। मोबाइल फोन की जांच और पूछताछ के दौरान देशविरोधी गतिविधियों से जुड़े अहम सबूत मिलने के बाद राजस्थान इंटेलिजेंस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

जांच एजेंसियों का दावा है कि आरोपी को पाकिस्तानी हैंडलर्स ने हनीट्रैप और पैसों के लालच में फंसाया था। इसी के चलते उसने कथित रूप से भारतीय सेना की मूवमेंट सहित अन्य गोपनीय सूचनाएं साझा कीं।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (इंटेलिजेंस) ने बताया कि प्रदेश में सक्रिय विदेशी एजेंसियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए, जिसके बाद कार्रवाई की गई।