Rajasthan: माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की सख्ती, प्रायोगिक परीक्षाओं में निजी स्कूलों के शिक्षक नहीं बनेंगे वीक्षक, खातिरदारी पर पूर्ण प्रतिबंध
Rajasthan: माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की सख्ती, प्रायोगिक परीक्षाओं में निजी स्कूलों के शिक्षक नहीं बनेंगे वीक्षक, खातिरदारी पर पूर्ण प्रतिबंध
Rajasthan News: बीकानेर, माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, अजमेर द्वारा जनवरी माह में होने वाली प्रायोगिक परीक्षाओं को लेकर कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इस बार प्रायोगिक परीक्षाओं में किसी भी निजी स्कूल के शिक्षक को वीक्षक नियुक्त नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों पर वीक्षकों की किसी भी तरह की खातिरदारी पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
बोर्ड के निर्देशों के अनुसार प्रायोगिक परीक्षा के दौरान वीक्षक को किसी भी प्रकार का प्रलोभन, उपहार या सुविधा देना नियमों का उल्लंघन माना जाएगा। ऐसी किसी भी अनियमितता या शिकायत को सीधे बोर्ड प्रशासन के संज्ञान में लाया जा सकेगा।
केवल सरकारी स्कूलों से होंगे वीक्षक:-
बोर्ड ने साफ किया है कि प्रायोगिक परीक्षाओं के लिए वीक्षकों की नियुक्ति केवल सरकारी विद्यालयों से ही की जाएगी। इस संबंध में शिक्षा निदेशक सीताराम जाट ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक आदेश जारी कर दिए हैं।
उड़न दस्तों की रहेगी सख्त निगरानी:-
आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि प्रायोगिक परीक्षाओं की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए उड़न दस्तों का गठन किया जाएगा। इसके साथ ही वीक्षकों के स्वागत और मेहमाननवाजी की परंपरा पर पूर्ण रोक रहेगी। आकस्मिक निरीक्षण के लिए नियुक्त अधिकारियों, कर्मचारियों और वीक्षकों की जानकारी गोपनीय रखी जाएगी।