राजस्थान: पेड़ पर लटके मिले प्रेमी युगल के शव, दीवार पर लिखा नोट बना रहस्य
राजस्थान: पेड़ पर लटके मिले प्रेमी युगल के शव, दीवार पर लिखा नोट बना रहस्य
उदयपुर। राजस्थान के उदयपुर जिले के सलूंबर क्षेत्र में गुरुवार सुबह सनसनी फैल गई, जब एक पेड़ पर युवक और युवती के शव लटके मिले। सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। बाद में सामने आया कि दोनों प्रेमी-प्रेमिका थे और उन्होंने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली।
घटना झल्लारा थाना क्षेत्र के सलकावत गुड़ा गांव की है। ग्रामीणों ने खेत में महुए के पेड़ पर दोनों के शव फंदे से लटके देखे, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। सूचना पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शवों को नीचे उतारकर अस्पताल भिजवाया, जहां पोस्टमार्टम किया गया।
मौके पर युवक के खेत में बने एक छपरे की दीवार पर लिखा एक संदेश भी मिला, जिसमें लिखा था— “मुझे ये दुनिया पसंद नहीं है, मैं अपनी मर्जी से मर रहा हूं। किसी की कोई गलती नहीं है। हम आत्महत्या कर रहे हैं। हम याद तो आएंगे, लेकिन लौटकर नहीं आएंगे… मुझे माफ करना।”
इस लिखे गए संदेश को लेकर भी लोगों के बीच कई सवाल खड़े हो गए हैं।
हत्या या आत्महत्या? गांव में उठे सवाल
प्रेमी युगल की मौत के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ ग्रामीणों ने संदेह जताया है कि दीवार पर लिखा संदेश वास्तव में इन्हीं दोनों का है या नहीं। वहीं, कुछ लोग मामले को संदिग्ध मानते हुए हत्या की आशंका भी जता रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की हर एंगल से गहन जांच की जा रही है।