बीकानेर: NH- 62 पर स्लीपर बस और ट्रक की भीषण भिड़ंत, ट्रक चालक की मौत, कई यात्री घायल

बीकानेर: NH- 62 पर स्लीपर बस और ट्रक की भीषण भिड़ंत, ट्रक चालक की मौत, कई यात्री घायल
बीकानेर। महाजन थाना क्षेत्र में अरजनसर से राजियासर मार्ग पर स्थित नेशनल हाईवे-62 पर स्लीपर बस और एक ट्रक के बीच आमने-सामने की जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि बस में सवार चार से पांच यात्रियों के घायल होने की सूचना मिली है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। मौके पर मौजूद सेना के जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला।
घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस ने मृतक ट्रक चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सहित अन्य कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों को लेकर जांच जारी है।