भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर रफ्तार का कहर, ट्रक ने पदयात्रियों को कुचला, 3 की दर्दनाक मौत

भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर रफ्तार का कहर, ट्रक ने पदयात्रियों को कुचला, 3 की दर्दनाक मौत
बालोतरा। भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर रविवार रात को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन पदयात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने पैदल जा रहे यात्रियों को अपनी चपेट में ले लिया। सभी मृतक जालोर जिले के बागोड़ा क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं, जो जसोल स्थित माजीसा राणी भटियाणी माता मंदिर में दर्शन के लिए पैदल यात्रा पर निकले थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यात्री एक्सप्रेस-वे के किनारे पैदल चल रहे थे। उनके पीछे एक बोलेरो केम्पर चल रही थी। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने केम्पर को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक आगे चल रहे पदयात्रियों को कुचलता हुआ लगभग 100 से 200 फीट तक घसीटता चला गया और आगे बैरिकेड से टकराकर रुका। हादसा इतना भयावह था कि कुछ देर के लिए एक्सप्रेस-वे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक रमेश तथा सिवाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर यातायात को नियंत्रित किया और शवों को बालोतरा जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।