राजस्थान: इस जगह शीतलहर की चपेट में आने से 22 बछड़ों की मौत, क्षेत्र में मचा हड़कंप

post 244

राजस्थान: इस जगह शीतलहर की चपेट में आने से 22 बछड़ों की मौत, क्षेत्र में मचा हड़कंप

खेतड़ी (झुंझुनूं)। मांदरी ग्राम पंचायत के ककराय गांव स्थित जोहड़ क्षेत्र में शीतलहर का कहर देखने को मिला, जहां सर्दी की चपेट में आने से 22 बछड़ों की मौत हो गई। खुले में रखे गए नवजात और कमजोर बछड़ों के लिए ठंड से बचाव के कोई इंतजाम नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। गो रक्षा दल, ग्रामीण, पुलिस और पशुपालन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं।

जोहड़ और आसपास के क्षेत्र में बछड़ों के शव नालियों और खुले स्थानों पर पड़े मिले। इनमें से कई शव दो से तीन दिन पुराने बताए जा रहे हैं। गो रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने मामले की सूचना पुलिस, ग्राम पंचायत मांदरी और पशुपालन विभाग को दी।

शीतलहर बनी मौत का कारण:-

पशुपालन विभाग के सहायक निदेशक डॉ. शिवकुमार सैनी ने बताया कि जोहड़ में मौजूद अधिकांश बछड़े नवजात और कमजोर थे, जिनकी उम्र एक वर्ष से कम थी। ये सभी बछड़े खुले में रह रहे थे और शीतलहर के दौरान सर्दी से बचाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से उनकी मौत हो गई।

जालोर से चराने आए पशुपालक:-

जोहड़ में इस समय करीब 450 गायें मौजूद हैं। वाडका, जालोर निवासी पशुपालक जीवाराम और नेतीराम ने बताया कि वे लगभग 10 दिन पहले अपनी गायों के साथ ककराय जोहड़ में चराने के लिए आए थे। गाय और बछड़े खुले में ही ठहरते हैं।

मृत बछड़ों के शवों को दफनाया:-

गो रक्षा दल के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रवीण योगी सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मृत बछड़ों के शव खुले में नहीं छोड़ने की मांग की। इसके बाद ग्राम पंचायत की ओर से जेसीबी मंगवाकर गड्ढा खुदवाया गया और सभी मृत बछड़ों के शवों को विधिवत दफनाया गया।

11 बीमार बछड़ों का उपचार:-

पशुपालन विभाग की मोबाइल यूनिट ने मौके पर पहुंचकर 11 बीमार बछड़ों का उपचार किया। उपचार टीम में उपनिदेशक डॉ. अशोक जांगिड़, डॉ. राजीव रोहिल्ला, बजरंग लाल यादव, रमेश कुमार और पूजा सैनी शामिल रहे।

प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची:-

सूचना पर पुलिस उपाधीक्षक जुल्फिकार अली और थानाधिकारी खेतड़ी मोहनलाल मय जाप्ता मौके पर पहुंचे। पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. शिवकुमार सैनी भी पशु चिकित्सकों की टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। ग्राम पंचायत मांदरी के सरपंच प्रतिनिधि शेर सिंह कृष्णिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौके पर मौजूद रहे।

इनका कहना है:-

ककराय जोहड़ में बछड़ों के मृत मिलने की सूचना पर मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया गया। पशुपालकों को कमजोर और छोटे बछड़ों को सर्दी से बचाने के निर्देश दिए गए हैं। ग्राम पंचायत के माध्यम से मृत बछड़ों के शवों को दफनाया गया है।
— जुल्फिकार अली, पुलिस उपाधीक्षक, खेतड़ी