Rajasthan Teacher Exam: राजस्थान में यहां सड़क पर बिखरे मिले शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड, मची खलबली
जोधपुर। राजस्थान के जोधपुर जिले में शिक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड बिखरे मिले। मामला शेरगढ़ उपखंड की सोइन्तरा ग्राम पंचायत क्षेत्र का है, जहां मेगा हाईवे पर अस्पताल और आशापुरा मंदिर के बीच रविवार सुबह शिक्षक भर्ती परीक्षा 2025 के 28 से अधिक अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र पड़े मिले।
एक ही स्थान पर अलग-अलग जिलों के अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड मिलना सामान्य नहीं माना जा रहा है, जिससे भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है। मौके पर मिले प्रवेश पत्र बालोतरा, सिणधरी, जालोर और बाड़मेर जिलों के अभ्यर्थियों से संबंधित बताए जा रहे हैं। ये प्रवेश पत्र 17 से 19 जनवरी के बीच आयोजित थर्ड ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा से जुड़े हुए हैं। प्रवेश पत्रों पर अभ्यर्थियों के नाम, फोटो और परीक्षा केंद्रों की पूरी जानकारी दर्ज है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एक साथ इतने अधिक प्रवेश पत्रों का सड़क किनारे मिलना महज संयोग नहीं हो सकता। आशंका जताई जा रही है कि किसी एजेंट या दलाल गिरोह द्वारा इस्तेमाल के बाद ये प्रवेश पत्र यहां फेंक दिए गए हों। इससे थर्ड ग्रेड शिक्षक भर्ती में नकल, डमी अभ्यर्थी या किसी तरह की सेटिंग की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
गौरतलब है कि राजस्थान में शिक्षक भर्ती और रीट परीक्षाएं पहले भी पेपर लीक, फर्जी अभ्यर्थियों और जाली दस्तावेजों के मामलों को लेकर विवादों में रही हैं। वर्ष 2018 और 2021 की भर्तियों में फर्जीवाड़े सामने आए थे, जिनमें एसओजी द्वारा कई गिरफ्तारियां भी की गई थीं। ऐसे में एक ही स्थान पर कई जिलों के अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र मिलना भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।


