Road Accident: कार और मिनी ट्रक की भीषण भिड़ंत , सात लोगों की दर्दनाक मौत, चार अन्य लोग गंभीर घायल

post 231

Road Accident: कार और मिनी ट्रक की भीषण भिड़ंत , सात लोगों की दर्दनाक मौत, चार अन्य लोग गंभीर घायल

पाली/पालनपुर: गुजरात के बनासकांठा जिले की अमीरगढ़ तहसील में आबूरोड–पालनपुर नेशनल हाईवे-27 पर शनिवार रात भीषण सड़क हादसा हो गया। इकबालगढ़ के पास एक मिनी ट्रक और कार की भीषण टक्कर में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद सभी घायलों को तत्काल पालनपुर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक राजस्थान के निवासी बताए जा रहे हैं। बनासकांठा-पालनपुर कंट्रोल रूम के अनुसार यह दुर्घटना शनिवार रात करीब साढ़े सात से आठ बजे के बीच हुई, जब तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई।

अमीरगढ़ थाना प्रभारी बीडी गोहिल ने बताया कि हादसे में एक महिला सहित छह पुरुषों की जान चली गई है। मिनी ट्रक डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में आ गया, जिससे सामने से आ रही कार उसकी चपेट में आ गई। दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग और राहगीर मदद के लिए मौके पर पहुंचे।

सूचना मिलते ही अमीरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। जेसीबी की सहायता से कार को काटकर शवों को बाहर निकाला गया और पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे के चलते हाईवे पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया।

मृतकों में चालक प्रकाश कलावंत (36) पुत्र वागाराम निवासी फालना (पाली), मोहम्मद हुसैन, उनकी पत्नी जिन्नत, मोहम्मद शरीफ निवासी छावनी गांव शिवगंज (सिरोही) और दीपक सिंह निवासी आबूरोड (सिरोही) शामिल हैं। एक मृतक पिंडवाड़ा (सिरोही) का बताया जा रहा है, जबकि अन्य की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

You may have missed