Rajasthan Weather: प्रदेश में फिर बदलेगा मौसम, 18 जिलों में बारिश व ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी
Rajasthan Weather: प्रदेश में फिर बदलेगा मौसम, 18 जिलों में बारिश व ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी
Rajasthan Weather: राजस्थान में ओलावृष्टि और बारिश के बाद एक बार फिर ठंड ने जोर पकड़ लिया है। इसी बीच मौसम विभाग ने नया अपडेट जारी करते हुए बताया है कि प्रदेश में एक और मौसम तंत्र सक्रिय होने वाला है, जिसके प्रभाव से आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज फिर से बदला हुआ नजर आएगा। कई जिलों में बारिश और ओले गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।
शनिवार को प्रदेश के सात जिलों में शीतलहर का असर देखने को मिला। राज्य के अधिकांश शहरों में दिन और रात दोनों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान में प्रदेशभर में करीब 12 डिग्री तक की कमी आई है।
पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू में सबसे कम न्यूनतम तापमान माइनस 5 डिग्री सेल्सियस, जबकि सीकर में माइनस 2.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं नागौर में 0.5 डिग्री और लूणकरणसर में 0.3 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
माउंट आबू में छठी बार शून्य से नीचे पारा:-
इस सर्दी के मौसम में माउंट आबू में अब तक छह बार तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया जा चुका है। 2 से 6 जनवरी और 13 व 16 जनवरी को तापमान शून्य डिग्री रहा। 7, 11 और 12 जनवरी को पारा माइनस 1 डिग्री, जबकि 14 और 15 जनवरी को माइनस 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
आज इन जिलों में शीतलहर अलर्ट:-
मौसम केंद्र जयपुर ने आज प्रदेश के 7 जिलों में शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें झुंझुनूं, सीकर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, जैसलमेर और श्रीगंगानगर शामिल हैं।
26–27 जनवरी को फिर बदलेगा मौसम:-
मौसम विभाग के अनुसार 26 और 27 जनवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके असर से 26 जनवरी की दोपहर बाद राज्य के पश्चिमी और उत्तरी हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। वहीं 27 जनवरी को इसका प्रभाव सबसे अधिक रहेगा और बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, जोधपुर, कोटा व अजमेर संभाग के कुछ इलाकों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
27 जनवरी को 18 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट:-
मौसम विभाग ने 27 जनवरी को प्रदेश के 18 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। अलवर, बारां, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, सीकर, सवाईमाधोपुर, टोंक, चूरू, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर में मेघगर्जन और वज्रपात के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
इसलिए बढ़ रही सर्दी:-
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस बार ध्रुवीय ठंडी हवाओं (पोलर वोर्टेक्स) में कमजोरी आने से ठंडी हवाएं बार-बार मैदानी इलाकों तक पहुंच रही हैं। इसके चलते जनवरी के अंत तक प्रदेश में शीतलहर, घना कोहरा और ठंड का असर बने रहने की संभावना है।