Rajasthan: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब से भरा ट्रक पकड़ा, एक आरोपी गिरफ्तार

Rajasthan: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब से भरा ट्रक पकड़ा, एक आरोपी गिरफ्तार
Rajasthan News: झालावाड़ जिले की झालरापाटन थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक को जब्त किया है। ट्रक में पंजाब से गुजरात ले जाई जा रही भारी मात्रा में शराब और बीयर भरी हुई थी। पुलिस ने ट्रक के साथ शराब की खेप को जब्त कर लिया, वहीं एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पंजाब से अवैध शराब गुजरात के राजकोट की ओर भेजी जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी कर ट्रक को रोका और तलाशी ली। जांच के दौरान ट्रक से 783 पेटियां शराब और बीयर के केन बरामद हुए, जिनमें कुल करीब 13,500 शराब की बोतलें शामिल हैं।

जोधपुर निवासी चालक गिरफ्तार:-
पुलिस ने ट्रक चालक सज्जन सिंह को गिरफ्तार किया है, जो जोधपुर जिले के सालवा कलां गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि शराब किसे सप्लाई की जानी थी और इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

करोड़ों की शराब जब्त:-
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि मामले में आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। तस्करी नेटवर्क का खुलासा करने के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है। आबकारी विभाग के अनुसार जब्त की गई शराब की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 1 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है।
पंजाब निर्मित थी शराब:-
झालरापाटन थाना प्रभारी ने बताया कि ट्रक की तलाशी के दौरान अलग-अलग ब्रांड की पंजाब निर्मित शराब और बीयर के कुल 783 कर्टन बरामद किए गए हैं। यह खेप गुजरात ले जाई जा रही थी। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।