प्रॉपर्टी डीलर की हत्या, शराब पार्टी के बहाने बुलाकर मारा
प्रॉपर्टी डीलर की हत्या, शराब पार्टी के बहाने बुलाकर मारा
भादवासी में करोड़ों रुपए कीमत की 24 बीघा जमीन के विवाद में मध्यस्थता करवाने वाले प्रॉपर्टी डीलर मनीष भांबू को शराब में जहरीला पदार्थ पिलाकर मारने के मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपी हिस्ट्रीशीटर रविंद्र कटेवा के खास गुर्गे महिपाल को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पुलिस पहले कांस्टेबल प्रदीप कुमार उर्फ मुकेश दड़िया और बैंककर्मी मनोज कुमार को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। उद्योग नगर थानाधिकरी राजेश कुमार और उनकी टीम ने मुखबिर से सूचना मिलने पर आरोपी महिपाल जाखड़ को रानोली क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। मनीष भांबू की हत्या करने के बाद ही झुंझुनूं के खिरोड़ की ढाणी में गैंगवार की घटना हुई थी। हिस्ट्रीशीटर रविंद्र कटेवा के गुर्गे बदमाश महिपाल सिंह जाखड़ (41) पुत्र जगनाराम जाखड़ निवासी राधाकिशनपुरा पिछले कुछ महीने से अलग-अलग जगह फरारी काट रहा था। गौरतलब है कि 30 सितंबर 2025 को मनीष भांबू के भाई प्यारेलाल ने उद्योगनगर पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।