राजस्थान संपर्क पोर्टल की नई सुविधा, अब शिकायत की कार्रवाई रिपोर्ट सीधे व्हाट्सएप पर मिलेगी
राजस्थान संपर्क पोर्टल की नई सुविधा, अब शिकायत की कार्रवाई रिपोर्ट सीधे व्हाट्सएप पर मिलेगी
जयपुर। आम नागरिकों की सुविधा और शिकायत निस्तारण में पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से राजस्थान सरकार ने राजस्थान संपर्क पोर्टल पर एक नई डिजिटल सुविधा शुरू की है। अब शिकायत के निस्तारण के बाद उसकी एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) सीधे शिकायतकर्ता को व्हाट्सएप के जरिए भेजी जाएगी।
जन अभियोग निराकरण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव दिनेश कुमार ने बताया कि जैसे ही शिकायत का निस्तारण होगा, उससे संबंधित एटीआर का लिंक शिकायतकर्ता के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर व्हाट्सएप से प्राप्त होगा। इससे नागरिक बिना पोर्टल पर बार-बार लॉगिन किए यह जान सकेंगे कि उनकी शिकायत पर किस स्तर पर और क्या कार्रवाई हुई है।
यह सुविधा विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों और तकनीकी जानकारी कम रखने वाले लोगों के लिए लाभदायक साबित होगी। नई व्यवस्था के तहत शिकायतकर्ता व्हाट्सएप के माध्यम से ही फीडबैक भी दे सकेगा, जिससे सेवाओं की गुणवत्ता और प्रशासनिक जवाबदेही में सुधार होगा।
डिजिटल रूप में एटीआर उपलब्ध होने से रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा और भविष्य में संदर्भ के लिए आसानी से उपयोग किया जा सकेगा। सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को तेज, सरल और भरोसेमंद सेवाएं प्रदान करना है। नागरिकों से अपील की गई है कि शिकायत दर्ज करते समय अपना मोबाइल नंबर सही दर्ज करें, ताकि इस सुविधा का पूरा लाभ मिल सके।