Accident: पुलिस से बचने भागी कार ने युवक को कुचला, एक की मौके पर मौत, दूसरा गंभीर घायल
Accident: पुलिस से बचने भागी कार ने युवक को कुचला, एक की मौके पर मौत, दूसरा गंभीर घायल
Accident: जोधपुर शहर में तेज रफ्तार और लापरवाही एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। अलग-अलग हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना महामंदिर थाना क्षेत्र के फूलेराव पार्क के पास शुक्रवार तड़के करीब 4:30 बजे हुई। पुलिस के अनुसार, रात्रि गश्त के दौरान पावटा सर्कल पर पुलिस ने एक संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने रुकने के बजाय वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और मौके से फरार हो गया।
पुलिस से बचने के प्रयास में तेज रफ्तार कार फूलेराव पार्क के पास अचानक सामने आई एक मोपेड से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोपेड सवार दोनों युवक करीब 100 मीटर दूर जा गिरे। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक के परिजनों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है और आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।
इसी दौरान शहर में एक और तेज रफ्तार हादसा सामने आया। राइकाबाग ओवरब्रिज पर पावटा सर्कल से रातानाडा की ओर जा रही बोलेरो पिकअप अनियंत्रित होकर रेलिंग और दीवार तोड़ते हुए ओवरब्रिज से नीचे गिर गई। हादसे में पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर उदयमंदिर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया। पुलिस दोनों मामलों में जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है।