बिजली चोरी रोकने गए डिस्कॉम AEN से युवक ने की मारपीट, कॉलर पकड़कर मारा थप्पड़; सरकारी कागजात फाड़े

post 208

बिजली चोरी रोकने गए डिस्कॉम AEN से युवक ने की मारपीट, कॉलर पकड़कर मारा थप्पड़; सरकारी कागजात फाड़े

राजस्थान के बाड़मेर जिले के सेड़वा उपखंड में बिजली चोरी रोकने गई डिस्कॉम टीम पर हमला हो गया। आरोप है कि ग्रामीणों की भीड़ ने विरोध जताया और एक युवक ने सहायक अभियंता (AEN) अशोक कुमार का कॉलर पकड़कर उन्हें थप्पड़ मार दिया।

जानकारी के अनुसार, सेड़वा डिस्कॉम कार्यालय के सहायक अभियंता (AEN) अशोक कुमार अपनी टीम के साथ ‘लखमीरों की ढाणी’ पहुंचे थे। उन्हें इलाके में बड़े पैमाने पर अवैध बिजली कनेक्शनों की शिकायत मिली थी। जांच के दौरान टीम ने एक मकान में सीधे केबल डालकर बिजली चोरी होते रंगे हाथों पकड़ा था। मीटर और अवैध केबल जब्त करने पर ग्रामीणों ने गुस्सा दिखाया और डिस्कॉम की गाड़ी के आगे स्कूटी रखकर टीम को रोकने की कोशिश की।

सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक अधिकारियों से उलझ रहा है और सरकारी फाइलें फाड़ रहा है।

सेड़वा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने राजकार्य में बाधा, सरकारी कर्मचारी से मारपीट और दस्तावेज नष्ट करने की धाराओं में मामला दर्ज किया। जब्त किया गया सामान डिस्कॉम को सुपुर्द कर दिया गया है।